रफ्तार मीडिया संवाददाता मिलन भगत/गोड्डा
गोड्डा जिले के महागामा प्रखंड अंतर्गत मनोहरपुर गांव निवासी भारतीय सेना के जवान वासुदेव राय छह दिन से लापता हैं। जम्मू-कश्मीर के उधमपुर स्थित सुरक्षा कैंप से उनके लापता होने के बाद से अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। परिवार ने सरकार और सेना से जवान को सकुशल खोजने की गुहार लगाई है। वासुदेव राय 151 आई एन एफ ,बी एन (जाट रेजीमेंट) में तैनात हैं और उधमपुर क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहे थे। बताया जा रहा है कि वे ड्यूटी के दौरान सुरक्षा कैंप से लापता हो गए। यह घटना छह दिन पहले हुई थी। घटना के बाद से सेना द्वारा खोजबीन की जा रही है, लेकिन अब तक उनके संबंध में परिवार को कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिल पाई है। परिजनों का कहना है कि उन्हें जवान के ठिकाने या तलाश के स्तर के बारे में सूचित नहीं किया गया है। जवान के परिजन लगातार अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं। उन्होंने केंद्र सरकार और सैन्य अधिकारियों से मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और व्यापक स्तर पर खोज अभियान चलाने की अपील की है। परिवार की मांग है कि वासुदेव राय को सही-सलामत वापस लाया जाए। परिजनों ने सरकार से मामले में पारदर्शी कार्रवाई करने और समय-समय पर जांच एवं खोजबीन की जानकारी उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। गांव में भी इस घटना को लेकर चिंता का माहौल है, और ग्रामीणों ने भी जवान की जल्द तलाश कर उसे परिवार तक पहुंचाने की अपील की है।