सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गम्हरिया के बोलाईडीह बस्ती में हुए सनसनीखेज जगरनाथ गोप उर्फ 'काड़ा' हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए हत्या में प्रयुक्त दो लोहे की रॉड भी बरामद कर ली है।रविवार को सरायकेला के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 18 जुलाई 2026 को बलरामपुर निवासी सोनू गोप ने अपने भाई जगरनाथ गोप की हत्या के संबंध में आदित्यपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों में शिवम प्रमाणिक, संजय नायक, प्रेम नायक एवं गणेश नायक शामिल हैं। सभी आरोपी गम्हरिया के बोलाईडीह क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दो लोहे की रॉड भी बरामद कर ली है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।एसपी ने बताया कि इस हत्याकांड में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मामले में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा।पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से महज 24 घंटे के भीतर चर्चित हत्याकांड का खुलासा होने पर पुलिस की जांच को बड़ी सफलता माना जा रहा है।