बिरनी/गिरिडीह | रफ्तार मीडिया


बगोदर विधानसभा क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे हाथियों के आतंक को लेकर झामुमो के केंद्रीय कमिटी सदस्य शत्रुध्न प्रसाद मंडल ने सोमवार को हजारीबाग प्रमंडल के डीएफओ विकास कुमार उज्ज्वल से मुलाकात कर ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई। उन्होंने क्षेत्र में हाथियों द्वारा लगातार हो रहे जान-माल के नुकसान से डीएफओ को अवगत कराते हुए त्वरित और स्थायी समाधान की दिशा में पहल करने का आग्रह किया।
शत्रुध्न प्रसाद मंडल ने कहा कि बगोदर विधानसभा क्षेत्र के दर्जनों गांवों में हाथियों का झुंड लगातार उत्पात मचा रहा है। कभी किसानों की फसल बर्बाद हो रही है, कभी घरों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है, तो कभी लोगों की जान तक खतरे में पड़ रही है। ऐसे हालात में ग्रामीण भय के माहौल में जीवन जीने को मजबूर हैं।
उन्होंने वन विभाग से मांग की कि एक विशेष टीम गठित कर हाथियों को आबादी वाले क्षेत्रों से निकालकर बड़े जंगलों की ओर खदेड़ने की प्रभावी व्यवस्था की जाए। साथ ही ग्रामीणों को सुरक्षा के लिए स्ट्रीट लाइट, शक्तिशाली टॉर्च, पटाखे एवं अन्य आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जाएं, ताकि हाथियों के गांव में प्रवेश की स्थिति में लोग स्वयं भी सतर्क रह सकें।
मुलाकात के दौरान उन्होंने यह मुद्दा भी उठाया कि बगोदर विधानसभा क्षेत्र के कई स्थानों पर जंगल की जमीन पर अतिक्रमण होने से हाथियों का प्राकृतिक रास्ता प्रभावित हुआ है, जिसके कारण वे बार-बार गांवों की ओर रुख कर रहे हैं। इस दिशा में भी आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया।
डीएफओ विकास कुमार उज्ज्वल ने झामुमो नेता को आश्वस्त किया कि प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों में जल्द ही स्ट्रीट लाइट एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा सामग्री उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी। साथ ही हाथियों के आतंक से ग्रामीणों को राहत दिलाने के लिए वन विभाग आवश्यक कदम उठाएगा