सरायकेला: सरायकेला परिसदन में रविवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा जिला कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक जिला अध्यक्ष डॉ. शुवेंदु महतो की अध्यक्षता में आयोजित की गई।बैठक में पार्टी के विधायक, सांसद, केंद्रीय सदस्य, जिला पदाधिकारी, वर्ग संगठन के जिला अध्यक्षों तथा नगर एवं प्रखंड अध्यक्ष-सचिवों ने हिस्सा लिया।बैठक में सिंहभूम की सांसद श्रीमती जोबा माझी, ईचागढ़ विधायक श्रीमती सविता महतो, खरसावां विधायक दशरथ गागराई तथा सरायकेला विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी गणेश महाली, गणेश चौधरी, कृष्णा बास्के, केपी सोरेन समेत पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।बैठक में केंद्र सरकार द्वारा पारित खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। झामुमो नेताओं ने झारखंड के खनिज एवं प्राकृतिक संसाधनों पर राज्य के अधिकार, राज्यहित और आम जनता के हितों की रक्षा को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की।इस दौरान गणेश महाली ने कहा कि झारखंड के खनिज एवं प्राकृतिक संसाधन राज्य की संपदा हैं। इनके अधिकार और हितों की रक्षा के लिए झामुमो पूरी मजबूती के साथ आवाज उठाता रहेगा। उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन झारखंड की पहचान, अस्मिता और जीवन का आधार हैं। इनके संरक्षण तथा अधिकारों की रक्षा के लिए पार्टी लगातार संघर्ष करती रहेगी।उन्होंने कहा कि झारखंड के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। पार्टी के कार्यकर्ता संगठनात्मक स्तर पर एकजुट होकर केंद्र सरकार के उक्त विधेयक के विरोध में अपनी आवाज बुलंद करेंगे।बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि खान एवं खनिज संशोधन विधेयक के विरोध में संगठन को मजबूत करते हुए व्यापक स्तर पर आंदोलन की तैयारी की जाएगी। साथ ही झारखंड के अधिकार, प्राकृतिक संसाधनों और आम जनता के हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया गया।