सरायकेला: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) जिला समिति, सरायकेला-खरसावां द्वारा आयोजित बीएलए-2 प्रशिक्षण सह कार्यशाला एवं संगठन सुदृढ़ीकरण कार्यक्रम बुधवार को सरायकेला टाउन हॉल में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मतदाताओं के बीच जागरूकता बढ़ाना तथा बीएलए-2 कार्यकर्ताओं को उनके दायित्वों और भूमिका से अवगत कराना था।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए झामुमो के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पाण्डेय ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती निष्पक्ष एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची पर निर्भर करती है। उन्होंने बीएलए-2 कार्यकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराना और त्रुटियों का समय पर निराकरण सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है।कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेन्दु महतो ने संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं की सक्रियता, अनुशासन और जनसंपर्क को आवश्यक बताया। कार्यशाला में मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया, पंजीकरण, संशोधन एवं विलोपन से संबंधित प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई।इस अवसर पर सैकड़ों लोगों ने झामुमो की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम में सांसद जोबा माझी, विधायक सविता महतो, विधायक दशरथ गागराई समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।