दीपचंद्र दीक्षित, ब्यूरो चीफ
फर्रुखाबाद। आगामी कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से फर्रुखाबाद एवं शाहजहाँपुर जनपद के पुलिस अधिकारियों की संयुक्त बैठक एवं समन्वय वार्ता आयोजित की गई। बैठक में यात्रा मार्ग की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और दोनों जनपदों के बीच बेहतर समन्वय को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक फर्रुखाबाद गिरीश कुमार, क्षेत्राधिकारी कायमगंज राजेश द्विवेदी, थाना प्रभारी शमसाबाद सचिन चौधरी, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शाहजहाँपुर, क्षेत्राधिकारी जलालाबाद तथा थाना प्रभारी मिर्जापुर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान ढाई घाट पुल क्षेत्र में कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, संवेदनशील स्थलों की निगरानी, बैरिकेडिंग, आपातकालीन व्यवस्थाओं तथा दोनों जनपदों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
अधिकारियों ने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। इसके लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, लगातार गश्त, प्रभावी यातायात संचालन, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी तथा दोनों जनपदों के पुलिस अधिकारियों के बीच सतत समन्वय सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।