सहावर (कासगंज)।
शिक्षा के मंदिर से एक बार फिर दिल दहला देने वाली लापरवाही का मामला सामने आया है, जहां शिक्षकों की गैर-जिम्मेदारी के कारण एक 8 साल की मासूम बच्ची को भारी मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेलनी पड़ी। मामला सहावर जनपद के गांव खितौली स्थित प्राथमिक विद्यालय का है, जहां कक्षा 3 की एक छात्रा छुट्टी होने के बाद भी करीब 5 घंटे तक स्कूल के एक अंधेरे कमरे में बंद रही।

*क्या है पूरा मामला*

रोजाना की तरह बच्ची स्कूल पढ़ने गई थी। छुट्टी होने के बाद स्कूल स्टाफ ने बिना कमरों की जांच किए और बिना यह सुनिश्चित किए कि कोई बच्चा अंदर तो नहीं है, कमरों में ताला लटका दिया और चले गए। मासूम बच्ची अंदर ही बंद रह गई। करीब 5 घंटे तक वह डर और भूख-प्यास से रोती-बिलखती रही। जब बच्ची का रोने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तब जाकर मामले का खुलासा हुआ। वीडियो में बच्ची की हालत देखकर किसी का भी कलेजा कांप जाए।

*अधिकारियों का उदासीन रवैया*

आखिर कौन है जिम्मेदार?
घटना को दो दिन बीत जाने के बाद भी स्थानीय प्रशासन और शिक्षा विभाग की नींद नहीं टूटी है। पीड़ित परिवार न्याय के लिए दर-दर भटक रहा है, लेकिन अब तक दोषियों पर कोई कड़ी कार्यवाही नहीं की गई है।
जब इस संबंध में विभाग के उच्च अधिकारियों से बात करने की कोशिश की गई, तो वे कैमरे और सवालों से बचते हुए अपना पल्ला झाड़ते नजर आए। जांच के नाम पर मामले को ठंडे बस्ते में डालने की कोशिश की जा रही है।

*उठते हैं गंभीर सवाल*:

आखिर शिक्षा व्यवस्था किसके भरोसे चल रही है? क्या मासूमों की सुरक्षा की जिम्मेदारी स्कूल स्टाफ की नहीं है?
अगर बंद कमरे में डर या दम घुटने से मासूम के साथ कोई अनहोनी हो जाती, तो इसका जिम्मेदार कौन होता?
क्या जांच का मतलब सिर्फ कागजी खानापूर्ति है? पीड़ित परिवार को आखिर कब न्याय मिलेगा?

*ग्रामीणों और पीड़ित परिवार में इस घटना को लेकर भारी*

आक्रोश है। उनकी मांग है कि आरोपी शिक्षकों और लापरवाही बरतने वाले स्टाफ पर तत्काल सख्त से सख्त कानूनी कार्यवाही की जाए, ताकि भविष्य में किसी और मासूम के साथ ऐसा खिलवाड़ न हो।