बॉलीवुड एक्ट्रेस तब्बू अपने 55वें जन्मदिन पर फैंस के लिए खास तोहफा लेकर आई हैं। साउथ सुपरस्टार नागार्जुन की 100वीं फिल्म 'किंग100' से उनका पहला लुक जारी कर दिया गया है। 54 सेकंड के इस टीजर में तब्बू का दबंग और रौबदार अंदाज देखने को मिल रहा है। फिल्म में वह 'महंती झांसी रानी' नाम की एक ताकतवर महिला नेता का किरदार निभा रही हैं।
**कुर्सी पर पैर फैलाकर दिखाया लेडी डॉन वाला अंदाज**
टीजर में तब्बू एक आलीशान कुर्सी पर बेखौफ अंदाज में बैठी नजर आती हैं। उनके सामने टेबल पर 'महंती झांसी रानी' नाम की नेमप्लेट दिखाई देती है। इस दौरान उनका डायलॉग 'आई हेट लक' यानी मुझे किस्मत से नफरत है, काफी चर्चा में है। टीजर में मेहनत और किस्मत के बीच का अंतर भी दिखाया गया है। आखिर में तब्बू हजारों लोगों की भीड़ के सामने मंच पर हाथ उठाकर शपथ लेती नजर आती हैं।
**28 साल बाद फिर साथ दिखेंगे नागार्जुन और तब्बू**
फिल्म का टीजर '28 इयर्स ऑफ वेटिंग' और 'दिस टाइम इट्स नॉट लव, इट्स वॉर' जैसे संदेशों के साथ नागार्जुन और तब्बू की पुरानी जोड़ी की वापसी का संकेत देता है। दोनों इससे पहले फिल्म 'निन्ने पेल्लादुथा' में साथ नजर आए थे। फिल्म का निर्देशन रा. कार्तिक कर रहे हैं, जबकि संगीत देवी श्री प्रसाद ने दिया है। 'किंग100' इसी साल 24 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।