दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार जामताड़ा द्वारा संचालित 90 दिवसीय विधिक जागरूकता अभियान के तहत बुधवार को जामताड़ा प्रखंड की दुलाडी पंचायत भवन में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचायत की मुखिया मालती सोरेन ने की। शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव पवन कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ पैनल अधिवक्ता पूजा हसदा ने भी ग्रामीणों को विभिन्न कानूनी अधिकारों एवं सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। शिविर को संबोधित करते हुए सचिव पवन कुमार ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों की जानकारी होना आवश्यक है। उन्होंने आदिवासी समुदाय के अधिकार, वन अधिकार, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों को न्याय दिलाने के लिए डीएलएसए हर संभव सहायता प्रदान करता है। उन्होंने विशेष रूप से दिव्यांग बच्चों के अधिकार, दिव्यांग प्रमाण-पत्र, यूडीआईडी कार्ड, सरकारी योजनाओं तथा मिलने वाली सुविधाओं के बारे में भी ग्रामीणों को जागरूक किया। इसके अलावा एकल अभिभावक परिवारों के बच्चों के लिए संचालित प्रायोजन योजना की जानकारी देते हुए पात्र बच्चों को योजना का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक दस्तावेज एवं आवेदन प्रक्रिया भी समझाई गई। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं और उन्हें किसी भी प्रकार की कानूनी सहायता की आवश्यकता होने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, जामताड़ा से निःशुल्क सहायता लेने की अपील की गई। ग्रामीणों ने इस जागरूकता शिविर की सराहना करते हुए इसे बेहद उपयोगी बताया। मौके पर उप मुखिया इस्लाम अंसारी, अधिकार मित्र विश्वजीत पाल, मेघा गुप्ता, आनंद महतो, शबाना यासमीन, मधु कुमारी, प्रकाश हेंब्रम, सुमन टुडू, शिवनाथ मंडल, आर्यन अंसारी, सुंदरी सोरेन, दिनेश मुर्मू, रंजीत महतो, नसीम अंसारी, इंद्रासन मुर्मू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।