मोतिहारी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), पूर्वी चंपारण, मोतिहारी द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से नालसा जागृति योजना के तहत गुरुवार को समाहरणालय परिसर में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “वरिष्ठजन अधिकार, सशक्तिकरण एवं गरिमा” रहा।
कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों, उनके संरक्षण, भरण-पोषण, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा सम्मानपूर्वक जीवन जीने के अधिकारों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि वरिष्ठजन समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनके अधिकारों की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
इस अवसर पर सामाजिक सुरक्षा के सहायक निदेशक अक्षय कुमार तथा एसडीसी एवं विधिक शाखा प्रभारी निधि कुमारी सहित अन्य अधिकारियों ने वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उनके सशक्तिकरण की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान निःशुल्क विधिक सहायता, वरिष्ठ नागरिक अधिनियम तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। साथ ही लोगों को आवश्यकता पड़ने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क कर कानूनी सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आम नागरिकों, वरिष्ठजनों तथा विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम समाज में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और उनके अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं