रफ्तार मीडिया संवाददाता/मिहिजाम 

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चितरंजन रेलवे स्टेशन परिसर में डॉ. अंबेडकर नवयुवक संघ द्वारा एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संघ के अध्यक्ष ओमप्रकाश दास ने देशवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि आजादी के 80 वर्ष बीत जाने के बाद भी समाज के गरीब, मजदूर, किसान और छात्र-छात्राएं अपने बुनियादी अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि आजादी का वास्तविक अर्थ केवल गुलामी से मुक्ति नहीं, बल्कि हर नागरिक को सम्मान, समान अवसर, शिक्षा, रोजगार और न्याय मिलना है। आज भी गरीब परिवार बच्चों की बेहतर शिक्षा के लिए और किसान अपनी मेहनत के सही मूल्य के लिए संघर्षरत हैं। ओमप्रकाश दास ने कहा, भारतीय संविधान ने सभी को समानता और न्याय का अधिकार दिया है। विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना अनिवार्य है। सच्ची आजादी तभी संभव है जब अंतिम कतार में खड़े व्यक्ति को भी उसका हक मिले। उन्होंने सभी से संकल्प लेने का आह्वान किया कि समाज के कमजोर वर्गों की आवाज बनकर शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय की दिशा में मिलकर प्रयास करेंगे।