रफ्तार मीडिया /मेदिनीनगर/ पाटन:- पाटन थाना क्षेत्र के चर्चित प्रभात मेहता अपहरण एवं हत्या कांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी राहुल कुमार उर्फ राहुल राम उर्फ राहुल चंद्रवंशी को पुलिस ने बेंगलुरु (कर्नाटक) से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत पलामू लाया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, प्रभात मेहता के अपहरण के बाद उनकी हत्या कर दी गई थी। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल लोकेशन और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। इसी क्रम में उसकी लोकेशन बेंगलुरु में मिली, जहां छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने पुरानी रंजिश के कारण हत्या करने की बात स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी फरार होकर बेंगलुरु चला गया था। मामले में शामिल अन्य संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
इस मामले का खुलासा पलामू पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच जारी है और सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।