रांची: मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत रांची जिले की लाखों महिलाओं को बड़ी राहत मिली है। जिला प्रशासन ने अप्रैल, मई और जून 2026 की तीन माह की सम्मान राशि एक साथ लाभुकों के बैंक खातों में भेज दी है। आधार आधारित डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से 3,66,664 पात्र महिलाओं को प्रति लाभुक 7,500 रुपये की दर से कुल 274.99 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए गए हैं।
जिला प्रशासन के अनुसार योजना का लाभ जिले के अधिकांश प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों की महिलाओं तक पहुंच चुका है। लाभुकों की संख्या के मामले में कांके प्रखंड सबसे आगे रहा, जहां 31 हजार से अधिक महिलाओं के खातों में राशि भेजी गई। इसके अलावा टाउन क्षेत्र, मांडर, सिल्ली, बेड़ो, चान्हो, रातू, तमाड़, ओरमांझी, नामकुम, नगड़ी, बुढ़मू, अनगड़ा, सोनाहातू, अरगोड़ा, हेहल, खलारी, लापुंग और राहे सहित अन्य क्षेत्रों में भी हजारों महिलाओं को योजना का लाभ मिला है।
हालांकि बड़गाईं अंचल और इटकी प्रखंड के कुछ लाभुकों का भुगतान अभी प्रक्रिया में है। जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होते ही शेष पात्र महिलाओं के खातों में भी राशि भेज दी जाएगी।
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जिन क्षेत्रों में भुगतान लंबित है, वहां भी जल्द से जल्द सभी पात्र लाभुकों को योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाए।