दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता :जामताड़ा उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार के निर्देश पर जिले में अवैध खनन एवं अवैध परिवहन के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को खान निरीक्षक अकलेश कुमार के नेतृत्व में नाला थाना क्षेत्र में औचक छापेमारी की गई, जिसमें अवैध रूप से बालू लदे तीन ट्रैक्टरों को जब्त किया गया। इसके साथ ही इन वाहनों को अग्रतर कार्रवाई के लिए नाला थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है। इसी अभियान के तहत बिंदापाथर थाना क्षेत्र में भी कार्रवाई की गई, जहां स्टोन चिप्स (पत्थर गिट्टी) से लदे एक ट्रैक्टर को पकड़ा गया और उसे भी जब्त कर लिया गया। इस प्रकार कुल चार वाहनों को अवैध खनन एवं परिवहन में संलिप्त पाए जाने पर जब्त किया गया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन, उत्खनन, परिवहन और भंडारण जैसी गतिविधियों पर पूरी तरह से रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।उपायुक्त आलोक कुमार ने कहा कि जिले में अवैध खनन से जुड़े सभी मामलों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और ऐसे मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि जिला खनन कार्यालय और सभी थाना क्षेत्रों को इस संबंध में सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का उद्देश्य जिले में अवैध खनन गतिविधियों को पूरी तरह समाप्त करना और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है, जबकि आगे भी इस तरह की छापेमारी अभियान जारी रहने की संभावना है।