मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के भोपतपुर गांव में पुलिस ने बुधवार देर रात बड़ी छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई एसडीपीओ सदर-1 एवं सदर-2 के नेतृत्व में की गई, जिसमें दो प्रशिक्षु डीएसपी तथा पांच थानों की पुलिस बल शामिल रही।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पुलिस ने भोपतपुर निवासी सुलेमान अंसारी एवं इम्तियाज के ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान चार लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस की कार्रवाई पूरी रात चली और मामले में छापेमारी जारी है।
सूत्रों के मुताबिक, छापेमारी के दौरान करीब एक करोड़ रुपये के कथित फर्जी नोट, लगभग 13 लाख रुपये नकद, 38 सोने के बिस्किट (जिनकी शुद्धता की जांच की जा रही है कि वे वास्तविक सोना हैं या रोल्ड गोल्ड), हथियार, कारतूस तथा एक वाहन बरामद होने की सूचना है। हालांकि इन बरामदगियों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की ओर से अभी नहीं की गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में हिरासत में लिए गए आरोपितों ने कथित तौर पर लोगों को फर्जी नोट के नाम पर ठगी करने का तरीका अपनाने की बात स्वीकार की है। आरोप है कि गिरोह पहले किसी व्यक्ति को 5,000 रुपये के बदले 15,000 रुपये देने का लालच देता था। शुरुआती सौदे में विश्वास जीतने के लिए कथित रूप से असली नोट दिए जाते थे। इसके बाद जब व्यक्ति अधिक राशि लेकर पहुंचता था, तो उसे ऊपर असली और नीचे 'चिल्ड्रन बैंक' लिखे नकली नोटों की गड्डियां थमा दी जाती थीं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यदि कोई व्यक्ति बड़ी रकम, जैसे पांच लाख रुपये लेकर पहुंचता था, तो गिरोह के सदस्य कथित रूप से पुलिस की वर्दी पहनकर उससे नकदी छीन लेते थे। पीड़ित उन्हें असली पुलिसकर्मी समझकर वहां से चला जाता था, जिससे वह तत्काल शिकायत भी नहीं कर पाता था।
फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया है कि मामले का विस्तृत खुलासा प्रेस वार्ता के माध्यम से किया जाएगा। आधिकारिक प्रेस ब्रीफिंग के बाद ही बरामदगी, आरोपों और गिरफ्तार व्यक्तियों के संबंध में अंतिम पुष्टि की जाएगी।