दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता मिहिजाम :

मिहिजाम थाना क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना प्रभारी प्रदीप राणा के नेतृत्व में सीमावर्ती क्षेत्र हांसी पहाड़ी में चलाए गए विशेष छापेमारी अभियान के दौरान दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से 180 एमएल की करीब 100 बोतल बंगाल निर्मित अवैध शराब बरामद की है। पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना मिली थी कि हांसी पहाड़ी इलाके में कुछ लोग अवैध रूप से शराब की बिक्री कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने संबंधित ठिकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान नंदू यादव और जीतू बाउरी को शराब के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।छापेमारी के दौरान बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों के अवैध शराब तस्करी के नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है। वही थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने कहा कि मिहिजाम थाना क्षेत्र में किसी भी प्रकार के अवैध कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शराब तस्करी और नशे के कारोबार पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा ऐसे तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।