सौरभ राय/रांची:राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित 17वां इंडिया इंटरनेशनल मेगा ट्रेड फेयर अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। मेले के समापन में अब केवल दो दिन शेष हैं और 6 अप्रैल को इसका औपचारिक समापन होगा। अंतिम दिनों को देखते हुए स्टॉलधारकों द्वारा आकर्षक ऑफर्स दिए जा रहे हैं, जिससे खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ रही है।
शनिवार को दोपहर तीन बजे से ही लोगों का आना शुरू हो गया, जो देर रात तक जारी रहा। छुट्टी के कारण रविवार को भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। मेला रात 11 बजे तक खुला रहेगा और सभी हैंगरों में खरीदारों की अच्छी खासी भीड़ देखी जा रही है।
इस ट्रेड फेयर में आठ देशों और 15 राज्यों के उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। यहां घर की सजावट का सामान, हैंडलूम हैंडीक्राफ्ट, आर्टवर्क, फर्नीचर, ज्वैलरी, क्रॉकरी, लेडिस पर्स, फिरोजाबाद की चूड़ियां और आयुर्वेदिक उत्पाद लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। जयपुर का विशेष चूर्ण और बच्चों के खिलौने भी खास आकर्षण बने हुए हैं। कपड़ों में जींस-कुर्ती 1500 रुपये और डिजाइनर ब्लाउज 1600 रुपये से उपलब्ध हैं, जबकि वियतनाम के स्कर्ट-टॉप और लेडीज शर्ट 800 रुपये में मिल रहे हैं। बिना अल्कोहल वाला अत्तर 100 रुपये में और दुबई की कुल्फी भी लोगों को खूब पसंद आ रही है।
मेले में आधार स्टॉल के जरिए नाम सुधार समेत कई जरूरी सेवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे लोगों को अतिरिक्त सुविधा मिल रही है।
*किड्स कार्निवाल में बच्चों ने की मस्ती*
झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स की यूथ कमिटी की ओर से आयोजित किड्स कार्निवाल में 100 से अधिक बच्चों ने भाग लिया। बच्चों ने बुकमार्क, कीरिंग, स्टोन आर्ट, ब्लॉक पेंटिंग, कॉफी पेंटिंग, क्ले आर्ट, कुल्हड़ आर्ट और दिया पेंटिंग जैसी रचनात्मक गतिविधियों में हिस्सा लिया और विभिन्न खेलों का आनंद उठाया।
*लोगो से अपील आख़िरी दिनों में मेले का आनंद उठाए*
चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने इसे खरीदारी का अंतिम और सुनहरा अवसर बताते हुए लोगों से अपील की कि वे इन आखिरी दिनों में मेले में जरूर पहुंचें। महासचिव रोहित अग्रवाल ने कहा कि स्टॉल पर विशेष छूट और आकर्षक ऑफर्स के चलते खरीदारों को बेहतर सौदे मिल रहे हैं।
*प्रमुख चेहरों ने किया मेले का दौरा*
शनिवार को रांची के सिटी एसपी पारस राणा, सरला बिरला यूनिवर्सिटी के डायरेक्टर जनरल गोपाल पाठक सहित कई गणमान्य लोग ट्रेड फेयर पहुंचे। उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण कर आयोजन की सराहना की। इस दौरान झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया।
।