डॉ विभूति सिंह/भागलपुर
जिले के रसलपुर थाना में एक नाबालिग के रहस्यमय ढंग से लापता हो जाने के बाद पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ खड़े हुए हैं। शादी की नीयत से अपहरण के मामले में बरामद की गई 17 वर्षीय किशोरी मेडिकल जांच के बाद थाना परिसर से ही गायब हो गई। जिस लड़की की सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस पर थी, उसके थाने से ही लापता होने से इलाके में हड़कंप मच गया है।
*क्या है पूरा मामला*
जानकारी के अनुसार धनौरा गांव की 17 वर्षीय किशोरी 20 जुलाई को एक युवक के साथ घर से चली गई थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने 6 लोगों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया था। करीब 17 दिन बाद किशोरी स्वयं रसलपुर थाना पहुंची। पुलिस ने उसका मेडिकल कराया और अगले दिन कोर्ट में 164 का बयान कराने की तैयारी थी। लेकिन उसी रात वह थाना परिसर से गायब हो गई।
*मां ने लगाया लापरवाही का आरोप*
नाबालिग की मां ने आरोप लगाया कि "मेरी बेटी को पुलिस 17 दिन बाद पकड़कर थाना लाई थी। मेडिकल और गिरफ्तारी के बाद उसकी जिम्मेदारी पुलिस ने ली थी। जब मैं अगले दिन कपड़े लेकर थाने पहुंची तो पता चला कि मेरी बेटी थाना परिसर से भाग गई है।"
*पुलिस का बयान*
रसलपुर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि "किशोरी थाना परिसर से कहीं चली गई है। उसकी तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही उसे बरामद कर लिया जाएगा।"
*वायरल वीडियो से नया मोड़*
इस बीच सोशल मीडिया पर एक कथित निकाह का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि पुलिस ने वीडियो की पुष्टि नहीं की है और न ही इसे आधिकारिक रूप से इस मामले से जोड़ा है।फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस नाबालिग की सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस पर थी,वह थाना परिसर से आखिर कैसे निकल गई? क्या निगरानी में चूक हुई या सुरक्षा व्यवस्था में कोई बड़ी खामी थी? पुलिस मामले की जांच कर रही है।