राजन साहू

कानपुर। आर्य नगर विधानसभा क्षेत्र में सीवर और पेयजल लाइन की बदहाली का मुद्दा अब विधान परिषद में गूंजा है। विधान परिषद सदस्य सलिल विश्नोई ने नियम-110 के तहत सदन में सूचना देकर शासन का ध्यान इस ओर खींचा है। 

MLC ने 5 अगस्त को प्रस्तुत पत्र में कहा कि एक्सप्रेस रोड से घंटाघर चौराहे और सुतरखाना होते हुए लखनऊआ फाटक तक जाने वाली सीवर लाइन और वाटर लाइन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। कई स्थानों पर पाइपें फट गई हैं। इससे सड़कों पर गंदा पानी भरा रहता है और पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है।

उन्होंने कहा कि इस कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र में रोष और आक्रोश व्याप्त है। यह मामला लोकहित से जुड़ा होने के कारण अत्यंत गंभीर है। 

सलिल विश्नोई ने शासन से मांग की है कि उक्त मार्ग पर सीवर लाइन और वाटर लाइन का तत्काल नव निर्माण कराया जाए। साथ ही सदन में इस विषय पर शासन का वक्तव्य आए और इस पर चर्चा कराई जाए। व्याख्यात्मक टिप्पणी में उन्होंने कहा कि जनहित का यह विषय है, लिहाजा इस पर चर्चा होना आवश्यक और अनिवार्य है।