शिवहर। जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के नया टोला में दो चचेरे भाइयों के बीच हुए विवाद में एक व्यक्ति की मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन महिलाओं समेत सात आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त खून के धब्बे लगे हथियार भी बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि 4 जुलाई को नया टोला में दो पक्षों के बीच हुए विवाद में कई लोग घायल हो गए थे। गंभीर रूप से घायल उपेंद्र सहनी को इलाज के लिए मुजफ्फरपुर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई।
एसपी ने बताया कि दोनों पक्षों के फर्दबयान के आधार पर अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। अनुसंधान के दौरान पुलिस ने हरीकिशोर सहनी, चंद्र किशोर सहनी, शिवनाथ सहनी, मंगरी देवी, रूबी देवी, चुनचुन सहनी तथा रंजू देवी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त खून के धब्बे लगी दो बांस की लाठियां, एक लोहे का फरसा तथा एक डंडा बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि मामले के अन्य पहलुओं की जांच जारी है तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।