रफ्तार मीडिया / संवाददाता जामताड़ा 
करमाटांड़ थाना क्षेत्र के चरकी पहाड़ी गांव में बुधवार सुबह आपसी विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई हिंसक मारपीट में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतका की पहचान सावित्री देवी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार सुबह किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि विवाद के दौरान लाठी-डंडों एवं धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया गया। परिजनों ने रामू पोद्दार, गेंदो पोद्दार, दिनेश पोद्दार, गुलटन पोद्दार, बजरंग पोद्दार, पूजा देवी, बेबी देवी, संतोषी देवी, उषा देवी सहित अन्य लोगों पर घटना में शामिल होने का आरोप लगाया है।बताया गया कि सावित्री देवी खेत की ओर चाय लेकर जा रही थीं। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच हो रही मारपीट को रोकने का प्रयास किया। बीच-बचाव के दौरान उनके सिर पर गंभीर चोट लग गई। परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। वहीं, घटना में परिवार के दो युवक भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है। घटना की सूचना पर एसडीपीओ वसीम रजा एवं करमाटांड़ थाना प्रभारी अलखनाथ चौबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बजरंग पोद्दार, पूजा देवी और उषा देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अन्य आरोपितों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। वही एसडीपीओ वसीम रजा ने बताया कि पुलिस ने परिजनों का फर्द बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।