रफ्तार मीडिया संवाददाता राजीव कुमार/महागामा


महागामा नगर पंचायत अध्यक्ष  प्रबोध सोरेन ने रविवार को वार्ड संख्या-07 का दौरा कर क्षेत्र में लगी स्ट्रीट लाइटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्ट्रीट लाइटों की कार्य स्थिति का बारीकी से जायजा लिया तथा स्थानीय लोगों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी
समस्याओं, सुझावों एवं आवश्यकताओं को गंभीरतापूर्वक सुना। निरीक्षण के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, नाली एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित अपनी समस्याएं नगर पंचायत अध्यक्ष के समक्ष रखीं। उन्होंने सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े प्रत्येक मुद्दे का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में विकास कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है, ताकि आम नागरिकों को बेहतर नागरिक सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा सकें। साथ ही उन्होंने कहा  नगर पंचायत की विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे, यही हमारी प्राथमिकता है। जनता की समस्याओं का समाधान केवल कार्यालयों में बैठकर नहीं, बल्कि क्षेत्र में पहुँचकर वास्तविक स्थिति का आकलन करने से ही संभव है। इसी उद्देश्य से नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों का लगातार निरीक्षण किया जाएगा। स्थानीय लोगों ने अध्यक्ष द्वारा स्वयं क्षेत्र में पहुँचकर समस्याओं का जायजा लेने एवं त्वरित समाधान के प्रति दिखाई गई प्रतिबद्धता की सराहना की। मौके पर जेई राहुल कुमार,भाजपा नगर अध्यक्ष अशोक यादव, राजाराम राउत,मुन्ना झा, अभिषेक मंडल,अजय भगत सहित कई कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।