पटना में खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर 2 मई को हुए विवाद और कथित फायरिंग मामले में नया मोड़ सामने आया है। ज्ञान बिंदु कोचिंग की ओर से एक कथित वीडियो जारी किया गया है, जिसमें दावा किया गया है कि घटना के दौरान फायरिंग खान सर के गार्ड की ओर से की गई थी।

ज्ञान बिंदु कोचिंग टीम के सदस्य आदर्श ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर वीडियो सार्वजनिक किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरी घटना पूर्व नियोजित थी और इसे साजिश के तहत अंजाम दिया गया। उनका कहना है कि वायरल वीडियो में ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद कहीं दिखाई नहीं दे रहे हैं, इसलिए मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और सभी पक्षों की भूमिका की जांच की जानी चाहिए।

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। इसी क्रम में गुरुवार को पुलिस खान सर के कोचिंग सेंटर पहुंची और वहां से दो लोगों को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। दोनों से घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच के बाद ही फायरिंग की घटना और उससे जुड़े दावों की पुष्टि हो सकेगी।