रफ्तार मीडिया/सुमन सिन्हा
हजारीबाग। खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने की दूरगामी सोच के साथ हजारीबाग में पहली बार उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडलीय नॉकआउट टूर्नामेंट का आयोजन होने जा रहा है। तीन दिवसीय यह खेल महोत्सव 29, 30 और 31 अगस्त को आयोजित होगा। इसमें हजारीबाग के अलावा कोडरमा, रामगढ़, चतरा, बोकारो, धनबाद और गिरिडीह के खिलाड़ी हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। सोमवार को आयोजित प्रेसवार्ता में आयोजन से जुड़ी तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी गई।
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में छह खेलों को शामिल किया गया है। इनमें आर्चरी, खो-खो, वॉलीबाल, बैडमिंटन, फुटबॉल और एथलेटिक्स शामिल हैं। प्रतियोगिता का प्रमुख आकर्षण करीब 8.50 लाख रुपये की नगद पुरस्कार राशि होगी। इसके अलावा विजेता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मेडल और शील्ड देकर सम्मानित किया जाएगा।
खिलाड़ियों के ठहरने और भोजन की विशेष व्यवस्था
जिला प्रशासन की ओर से बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन-पानी और आवागमन की व्यवस्था की जा रही है। प्रतियोगिता का आयोजन हजारीबाग ओलंपिक संघ की देखरेख में होगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए 11 सदस्यीय आयोजन समिति का गठन किया गया है। समिति में हर्ष अजमेरा, मेयर अरविंद कुमार राणा, राकेश रंजन, करण जायसवाल, आलोक कुमार, भैया मुरारी, नीलेंदु जयपुरियार, प्रो. राखो हरि, चंद्रशेखर सिंह, परिमल और मंसूर आलम को शामिल किया गया है।
आयोजन के लिए जिला खेल पदाधिकारी के नेतृत्व में तकनीकी समिति गठित की गई है। यह समिति प्रतियोगिता की तकनीकी व्यवस्था के साथ खिलाड़ियों से जुड़ी तैयारियों की निगरानी करेगी। वहीं सीके दास को आयोजन के समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विभिन्न कार्यों के लिए अलग-अलग समितियों और खेल संघों से जुड़े लोगों को भी जिम्मेदारी दी गई है।
कर्जन ग्राउंड का नाम वीर कुंवर सिंह स्टेडियम
आयोजन को यादगार और ऐतिहासिक बनाने के लिए कर्जन ग्राउंड का नामकरण स्वतंत्रता सेनानी वीर कुंवर सिंह स्टेडियम के रूप में किया गया है। मेयर अरविंद कुमार राणा और जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष हर्ष अजमेरा ने कहा कि यह आयोजन केवल खेल संघों के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे हजारीबाग के लिए प्रतिष्ठा का विषय है। उन्होंने कहा कि बाहर से आने वाले खिलाड़ी हजारीबाग और यहां आयोजित होने वाले खेल महोत्सव की सुखद यादें लेकर लौटें, यह सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
प्रभातफेरी और मार्चपास्ट होगा आकर्षण
खेल महोत्सव को लेकर स्टेडियम सहित शहर को आकर्षक ढंग से सजाने की तैयारी चल रही है। आयोजन के दौरान बैंड के साथ प्रभातफेरी, मार्चपास्ट सहित कई आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजकों ने आम लोगों से उद्घाटन समारोह और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में बड़ी संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है।
आयोजकों का मानना है कि यह प्रमंडलीय नॉकआउट टूर्नामेंट हजारीबाग को खेल के क्षेत्र में नई पहचान देने के साथ-साथ स्थानीय और प्रमंडल के प्रतिभावान खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।