दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तहत संचालित मेरा युवा भारत अभियान के अंतर्गत सोमवार को जामताड़ा में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मेरा युवा भारत की उप निदेशक उत्तरा विश्वास ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले के अधिक से अधिक युवाओं को माई भारत पोर्टल से जोड़ने तथा पंजीकरण अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने की रणनीति तैयार करना था। बैठक में माई भारत पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया, इसके उद्देश्य, पोर्टल के प्रमुख लाभ, पात्रता तथा ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की पूरी प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित सदस्यों को बताया गया कि इस पोर्टल के माध्यम से युवाओं को विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक, कौशल विकास एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यक्रमों में भागीदारी का अवसर मिलेगा। साथ ही युवाओं को स्वयंसेवा, नेतृत्व क्षमता के विकास और सरकारी योजनाओं से जुड़ने का भी लाभ प्राप्त होगा। उप निदेशक उत्तरा विश्वास ने कहा कि जिले के सभी शिक्षण संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों एवं युवा समूहों के सहयोग से अधिक से अधिक युवाओं को माई भारत पोर्टल पर पंजीकृत करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों से अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और युवाओं को इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। बैठक में एनएसएस नोडल ऑफिसर डॉ. काकोली गोराई, सद्दाम हुसैन, डॉ. प्रीति कुमारी, रंजीत यादव, रोशन आरा, देवकी पंजीयरा, समाजसेवी राजेंद्र शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में अकाउंटेंट उदय कुमार ने सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया।