दिनेश कुमार रजक/रफ्तार मीडिया संवाददाता/मिहिजाम
जामताड़ा जिला कबड्डी संघ के तत्वावधान में आयोजित लेट राजीव रंजन मिश्रा मेमोरियल कबड्डी चैंपियनशिप का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। प्रतियोगिता में सब-जूनियर और जूनियर बालक-बालिका वर्ग के रोमांचक मुकाबले हुए। इसमें बालिका वर्ग की 10 और बालक वर्ग की 8 टीमों ने भाग लेकर शानदार खेल दिखाया। ओम प्रकाश कबड्डी अकादमी भारत ने दोनों वर्गों में अपना दबदबा कायम रखते हुए खिताब अपने नाम किया। बालिका वर्ग के फाइनल में अकादमी ने डेंजर क्लब को 38-27 से हराया। गर्ल हाई स्कूल ने तीसरा स्थान हासिल किया। बालक वर्ग के फाइनल में ओम प्रकाश कबड्डी अकादमी ने शहडोल वॉरियर्स को 26-08 के एकतरफा अंतर से पराजित कर ट्रॉफी जीती। नन्ही स्टार क्लब तीसरे स्थान पर रही। प्रतियोगिता का उद्घाटन मिहिजाम नगर के सिटी मैनेजर विजय कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि खेल अनुशासन और आत्मविश्वास का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने खिलाड़ियों से जामताड़ा और झारखंड का नाम राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने का आह्वान किया और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में झारखंड ओलंपिक संघ के कोषाध्यक्ष मनीष बरनवाल, ओम प्रकाश कबड्डी अकादमी के अध्यक्ष ओम प्रकाश सिंह, सचिव राज कमल सिंह सहित खेल प्रेमी और हजारों दर्शक उपस्थित थे।