दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा 

जामताड़ा प्रखंड के पाकडीह स्थित फूलडंगाल मैदान में रविवार को एकदिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन उत्साह और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में क्षेत्र की कुल आठ टीमों ने भाग लिया। दिनभर चले रोमांचक मुकाबलों के बाद फाइनल मैच लायंस क्लब पाकडीह और वाईएमसी क्लब धनबाद के बीच खेला गया, जिसमें लायंस क्लब पाकडीह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 14 रन से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम कर लिया। टूर्नामेंट के मुख्य अतिथि सुपायडीह पंचायत के उपमुखिया प्रतिनिधि आरिफ हुसैन ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से युवाओं की प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलता है। उन्होंने युवाओं से खेल भावना के साथ आगे बढ़ने और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने की अपील की। फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए लायंस क्लब पाकडीह की टीम ने निर्धारित पांच ओवर में 58 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी वाईएमसी क्लब धनबाद की टीम निर्धारित ओवरों में 44 रन ही बना सकी। इस तरह लायंस क्लब पाकडीह ने 14 रन से मुकाबला जीतकर टूर्नामेंट की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया। खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्होंने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को निरंतर कराने की बात कही। इस अवसर पर आयोजन समिति के मसरुद्दीन अंसारी, शाहबाज आलम, वसीम अंसारी, एजाज अंसारी, अब्दुल समी, मेराज अंसारी, हैदर अंसारी, शाकिर अंसारी सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेल प्रेमी और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान दर्शकों में काफी उत्साह देखने को मिला।