बिरनी/गिरिडीह:बिरनी प्रखंड के बरहमसिया पंचायत अंतर्गत खरटी गांव में बुधवार अहले सुबह एक दर्दनाक हादसे में बिजली करंट की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई, वहीं मृतका के परिवार में मातम पसरा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खरटी गांव निवासी रघुनंदन वर्मा की 48 वर्षीय पत्नी कांता देवी सुबह खेत में लगी सब्जियों की पटवन करने गई थीं। इसी दौरान खेत में प्रवाहित बिजली करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गईं और घटनास्थल पर ही बेहोश होकर गिर पड़ीं। बताया जा रहा है कि घटना के करीब तीन घंटे बाद ग्रामीणों की नजर खेत में पड़ी महिला पर गई। इसके बाद शोर मचने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी परिजनों को दी गई।
सूचना मिलते ही परिजन आनन-फानन में महिला को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरनी लेकर पहुंचे। वहां प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. साकिब जमाल ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और अस्पताल परिसर का माहौल गमगीन हो गया। बाद में शव को घर लाया गया, जहां परिवार के सदस्य दहाड़ मारकर रोते नजर आए। जानकारी के अनुसार मृतका अपने पीछे पांच पुत्रियों और एक पुत्र सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। अचानक हुई इस घटना से गांव के लोगों में भी गहरा दुख देखा जा रहा है। स्थानीय मुखिया बिष्णुदेव प्रसाद वर्मा समेत कई ग्रामीण मृतक के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। ग्रामीणों के अनुसार खेत में बिजली करंट प्रवाहित होने के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि समाचार लिखे जाने तक इस मामले की सूचना बिरनी थाना को नहीं दी गई थी।