दिनेश कुमार रजक/रफ्तार मीडिया संवाददाता/चित्तरंजन
रूपनारायणपुर के डीएवी स्कूल में 12वीं की एक छात्रा के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला सामने आने के बाद विवाद गहरा गया है। छात्रा के परिजनों ने एक शिक्षिका पर मारपीट का आरोप लगाया है, वहीं स्कूल प्रशासन ने इसे निराधार बताते हुए छात्रा के अनुशासनहीन व्यवहार को कारण बताया है। परिजनों के अनुसार मंगलवार को परीक्षा देकर लौट रही छात्रा को बालों के तरीके को लेकर शिक्षिका ने आपत्ति जताई और प्रधानाध्यापिका कक्ष में ले गई। समझाने के बाद छोड़ दिया गया, लेकिन आरोप है कि कुछ देर बाद उसे दोबारा बुलाकर बाल पकड़कर सिर दीवार से टकरा दिया गया। परिजन स्कूल पहुंचे तो पहले पढ़ाई और अनुशासन पर बात हुई। बाद में बेटी ने पूरी घटना बताई। प्रधानाध्यापिका ने कथित रूप से शिक्षिका को फटकार भी लगाई। परिजन बेटी को लेकर घर लौट आए। बुधवार को छात्रा की गणित की परीक्षा थी, लेकिन मंगलवार शाम से सिरदर्द की शिकायत के बाद बुधवार सुबह हालत बिगड़ गई। चक्कर और उठने में दिक्कत होने पर उसे चिरेका केजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल ने मामले की गंभीरता देखते हुए स्थानीय पुलिस और रेल पुलिस को सूचना दी। छात्रा अभी चिकित्सकीय निगरानी में है। दूसरी ओर प्रधानाध्यापिका डॉ. पूनम सिंह ने सभी आरोप खारिज किए। उनका कहना है कि अनुशासनहीनता की शिकायत पर पिता को बुलाया गया था, जिसे उन्होंने स्वीकारा था। उनके मुताबिक छात्रा के इंस्टाग्राम पर शिक्षकों और छात्रों के लिए आपत्तिजनक वीडियो भी मिले हैं। पुलिस को सूचना दे दी गई है। जांच के बाद ही वास्तविकता सामने आएगी।