सरायकेला: कारगिल विजय दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रविवार को कांड्रा स्थित एसकेजी कॉलोनी मैदान में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस प्रशासन, पंचायत प्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामूहिक रूप से 100 फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कांड्रा थाना प्रभारी विनोद कुमार मुर्मू एवं कांड्रा पंचायत की मुखिया शंकरी सिंह उपस्थित रहीं। उन्होंने पौधारोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और अधिक से अधिक पेड़ लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि कारगिल के वीर शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब हम प्रकृति की रक्षा और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित वातावरण सुनिश्चित करने का संकल्प लें। वृक्षारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में निरंतर चलने वाला अभियान होना चाहिए।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर पौधों की सुरक्षा और उनके संरक्षण का भी संकल्प लिया। ग्रामीणों के इस सामूहिक प्रयास की पूरे क्षेत्र में सराहना की जा रही है।