ओम प्रकास तिवारी 
पिपरा कोठी। महावीरी झंडा जुलूस को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर पिपरा कोठी थाना क्षेत्र के ग्राम पंडितपुर में पुलिस एवं प्रशासन ने फ्लैग मार्च किया। इस दौरान डीएसपी महोदय एवं बीडीओ साहब के साथ क्षेत्र का स्पॉट विजिट कर जुलूस के मार्ग एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।

फ्लैग मार्च में पिपरा कोठी थानाध्यक्ष बृजेश सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं थाना के पुलिस पदाधिकारी तथा जवान शामिल रहे। पुलिस बल ने गांव के विभिन्न इलाकों में पैदल मार्च कर लोगों से शांतिपूर्ण एवं भाईचारे के माहौल में महावीरी झंडा मनाने की अपील की।

प्रशासन की ओर से जुलूस के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की तैनाती के साथ जुलूस के मार्ग पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

पुलिस एवं प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की कि महावीरी झंडा पर्व को आपसी प्रेम, भाईचारे एवं सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या भड़काऊ गतिविधि से दूर रहें। सोशल मीडिया पर भी किसी तरह की भ्रामक सूचना प्रसारित नहीं करने की अपील की गई।

थानाध्यक्ष बृजेश सिंह ने कहा कि पर्व के दौरान शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। किसी भी तरह की गड़बड़ी या अफवाह की सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को जानकारी दें और कानून अपने हाथ में न लें।

पुलिस-प्रशासन की सक्रियता से क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल बना हुआ है और महावीरी झंडा जुलूस को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण तरीके से संपन्न कराने की तैयारी पूरी कर ली गई है।