ओमप्रकाश तिवारी/मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले के बंजरिया थाना क्षेत्र में प्रेमी जोड़े के साथ कथित रूप से मारपीट करने तथा घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी में नामजद सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले को गंभीरता से लिया गया। पीड़ित पक्ष के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित कार्रवाई शुरू की गई। इसी क्रम में नामजद सातों अभियुक्तों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कानून को अपने हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। सार्वजनिक रूप से किसी के साथ मारपीट करना, उसे अपमानित करना तथा घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करना गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून को अपने हाथ में लेने के बजाय तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दें। मामले की जांच जारी है तथा यदि जांच के दौरान अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।