दीपचंद्र दीक्षित, ब्यूरो चीफ

फर्रुखाबाद। कमालगंज थाना क्षेत्र में हत्या के एक मामले में वांछित आरोपी पुलिस मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उपचार के लिए सीएचसी कमालगंज में भर्ती कराया है।

पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई 2026 को थाना कमालगंज में एक व्यक्ति ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि अवधेश और वीनेश पुत्रगण रामभरोसे, निवासी ग्राम कल्लू नगला, ने उसके पुत्र सोनेलाल की हत्या कर शव को रास्ते में फेंक दिया। सूचना मिलते ही पुलिस के उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और फील्ड यूनिट टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना कमालगंज में मु0अ0सं0 200/2026 धारा 103(1)/238 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर वांछित आरोपी वीनेश को पकड़ने का प्रयास किया गया। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने अवैध तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी वीनेश के बाएं पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा।

घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमालगंज भेजा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा बरामद करने का दावा किया है। मुठभेड़ और अवैध हथियार की बरामदगी के संबंध में अलग से मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले में अन्य आरोपी की तलाश में भी जुटी हुई है।