रफ्तार संवाददाता रंजीत, पालकोट (गुमला)।
पालकोट थाना क्षेत्र के टेंगरिया गांव में रविवार को पालकोट पुलिस द्वारा डायन-बिसाही, बाल विवाह एवं सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को अंधविश्वास से दूर रहने तथा सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूक किया गया।अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह, संदेह या अंधविश्वास के आधार पर कानून को अपने हाथ में लेना गंभीर अपराध है। पालकोट थाना के एसआई रामपुकार बैठा ने कहा कि डायन-बिसाही के नाम पर किसी व्यक्ति को प्रताड़ित करना, मारपीट करना या उसकी हत्या करना कानूनन दंडनीय अपराध है।ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाती है।थाना प्रभारी अंकित राज ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि गांव में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, विवाद या अंधविश्वास से जुड़ी घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि समाज में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए सभी लोगों का सहयोग आवश्यक है।पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, बाल विवाह जैसी कुप्रथाओं से दूर रहने तथा सामाजिक जागरूकता बढ़ाने का भी संदेश दिया।उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या का समाधान कानून और प्रशासन के माध्यम से किया जाना चाहिए, न कि अंधविश्वास के आधार पर।गौरतलब है कि दो दिन पूर्व टेंगरिया पंचायत के ठीबु टोली गांव में डायन-बिसाही के संदेह को लेकर जाटी खड़िया की हत्या कर दी गई थी, जबकि उनके पति बुद्धा खड़िया गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसी घटना के बाद पुलिस ने क्षेत्र में जागरूकता अभियान तेज कर दिया है।ग्रामीणों ने भी पुलिस की अपील को गंभीरता से सुना और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ सहयोग का भरोसा दिलाया।