सौरभ राय/ रफ्तार मीडिया

रांची: राजधानी रांची के रातू किला में परंपरागत रूप से आयोजित होने वाली ऐतिहासिक रथ यात्रा को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी के नेतृत्व में मेला परिसर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, श्रद्धालुओं की आवाजाही तथा पूजा स्थल की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।

*निरीक्षण कर दिया गया दिशा निर्देश*
निरीक्षण के दौरान ग्रामीण एसपी ने मेला परिसर के प्रवेश एवं निकास मार्गों, रथ के गुजरने वाले रास्तों और भीड़ भाड़ वाले क्षेत्रों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि रथ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और यातायात प्रबंधन में किसी प्रकार की चूक नहीं होनी चाहिए।बैठक में ट्रैफिक व्यवस्था, वाहन पार्किंग, पूजा स्थल की सुव्यवस्थित व्यवस्था, बैरिकेडिंग, आपातकालीन निकासी मार्ग, पुलिस बल की तैनाती तथा भीड़ नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

*रातू गढ़ के रथ यात्रा को सफल बनाने के लिए व्यापक व्यवस्था*
आयोजन समिति के सदस्यों ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और मार्गदर्शन संबंधी संकेतक बोर्ड लगाने का भी सुझाव दिया, जिस पर अधिकारियों ने सकारात्मक पहल का भरोसा दिया।ग्रामीण एसपी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि मेला शुरू होने से पहले सभी तैयारियों की पुनः समीक्षा कर आवश्यक कमियों को दूर कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन, पुलिस और आयोजन समिति के समन्वय से रथ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाएगा।

*इनकी रही उपस्थिति*
निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक में हटिया डीएसपी अजय आर्य, रातू थाना प्रभारी आदिकांत महतो, रातू गढ़ के प्रबंधक दामोदर मिश्रा, अतुल राज, प्रिंस तिवारी, शिवनाथ उरांव, शिवम बड़ाईक सहित क्षेत्र के विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे। सभी ने मिलकर रथ यात्रा के सफल आयोजन के लिए प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।