सरायकेला: सरायकेला जिले के गम्हरिया थाना मोड़ स्थित राजकीय महिला पॉलिटेक्निक समेत राज्य के विभिन्न पॉलिटेक्निक संस्थानों के विद्यार्थियों की एनआईटी जमशेदपुर में प्रस्तावित समर इंटर्नशिप ट्रेनिंग को लेकर उत्पन्न विवाद पर संस्थान के प्राचार्य बेंजामिन कांडुलना ने अपना पक्ष रखा है। उन्होंने कहा कि पॉलिटेक्निक संस्थानों में सभी शैक्षणिक गतिविधियां राज्य सरकार द्वारा निर्धारित अकादमिक कैलेंडर के अनुसार संचालित की जाती हैं।प्राचार्य बेंजामिन कांडुलना ने बताया कि राज्य सरकार के कैलेंडर में आगामी 8 जून से राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर में दो सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए समर ट्रेनिंग एवं इंटर्नशिप कार्यक्रम निर्धारित है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में एनआईटी प्रबंधन के साथ समुचित समन्वय नहीं हो पाने और निर्धारित कार्यक्रम को समझने में उत्पन्न कठिनाइयों के कारण विवाद की स्थिति बनी है।उन्होंने जानकारी दी कि एनआईटी जमशेदपुर के साथ हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) के तहत 500 विद्यार्थियों को प्रशिक्षण देने की सहमति बनी थी। इसी आधार पर पूरे झारखंड के विभिन्न पॉलिटेक्निक संस्थानों से 500 विद्यार्थियों का चयन किया गया। हालांकि वर्तमान परिस्थितियों में सभी चयनित विद्यार्थियों को प्रशिक्षण का अवसर मिल पाना चुनौतीपूर्ण दिखाई दे रहा है, जिससे कई छात्र-छात्राएं इंटर्नशिप से वंचित रह सकते हैं।प्राचार्य ने उम्मीद जताई कि संबंधित पक्ष आपसी समन्वय स्थापित कर जल्द समाधान निकालेंगे, ताकि विद्यार्थियों के शैक्षणिक और तकनीकी प्रशिक्षण पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मामले का सकारात्मक समाधान किया जाना आवश्यक है।