रफ्तार मीडिया संवाददाता /छोटू कुमार

छतरपुर। छतरपुर प्रखंड क्षेत्र के बगैया पंचायत स्थित बगैया टोला में किसानों और ग्रामीणों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए टेनपा से बगैया तक नहर सफाई कार्य की पहल की गई है। नहर में जमी गाद, मिट्टी और झाड़ियों की वजह से पानी के प्रवाह में आ रही परेशानी को देखते हुए ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से सफाई कार्य शुरू कराने का निर्णय लिया है। इस पहल में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों का भी सहयोग मिल रहा है।

नहर सफाई कार्य को गति देने के उद्देश्य से छतरपुर पूर्वी के पूर्व जिला पार्षद सदस्य अमित कुमार जायसवाल ने 3100 रुपये का सहयोग प्रदान किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नहरों की सफाई बेहद जरूरी है। नहर साफ रहने से पानी का प्रवाह सुचारू होगा और किसानों को खेती के समय सिंचाई में सुविधा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि गांव के विकास के लिए केवल सरकारी योजनाओं पर निर्भर रहने के बजाय ग्रामीणों को भी सामूहिक रूप से आगे आकर जनहित के कार्यों में सहयोग करना चाहिए। आपसी सहयोग और एकजुटता से गांव की कई समस्याओं का समाधान किया जा सकता है।

किसानों को मिलेगी सिंचाई में राहत

ग्रामीणों के अनुसार टेनपा से बगैया तक जाने वाली नहर क्षेत्र के किसानों के लिए महत्वपूर्ण है। नहर की नियमित सफाई नहीं होने के कारण कई स्थानों पर मिट्टी, झाड़ियां और अन्य अवरोध जमा हो जाते हैं, जिससे पानी का प्रवाह प्रभावित होता है। सफाई कार्य पूरा होने के बाद नहर में पानी का बहाव बेहतर होने की उम्मीद है, जिससे खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाने में किसानों को राहत मिलेगी।

ग्रामीणों ने कहा कि नहर की सफाई केवल एक व्यक्ति या एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह पूरे क्षेत्र के किसानों से जुड़ा जनहित का कार्य है। इसी सोच के साथ ग्रामीण आपसी सहयोग से सफाई कार्य को पूरा कराने में जुटे हैं।

ग्रामीणों ने भी बढ़ाया सहयोग के लिए हाथ

नहर सफाई अभियान में पंचायत के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने भी सहयोग का भरोसा दिया। मौके पर कैलाश प्रसाद यादव, जगदेव यादव, महेश यादव, बिनेश्वर यादव, मनीजार विश्वकर्मा, पंकज यादव, प्रवेश विश्वकर्मा, मुखिया विकास यादव, बिंदु यादव, लखन यादव, उदय यादव, कमलेश यादव, अर्जुन यादव, बगैया पंचायत के उप मुखिया विकास यादव एवं अरविंद यादव सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।

ग्रामीणों ने कहा कि नहर की सफाई पूरी होने के बाद इसका सीधा लाभ खेती-किसानी से जुड़े परिवारों को मिलेगा। ग्रामीणों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से भी क्षेत्र की सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने तथा नहरों की नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था कराने की मांग की।