दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा
झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) ने एक बार फिर राजाराम उर्फ मनतोष कुमार महतो पर भरोसा जताते हुए उन्हें दूसरी बार जामताड़ा जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है।उनके पुनर्नियुक्त होने की घोषणा के बाद जामताड़ा समेत संथाल परगना के विभिन्न जिलों और राज्य के अन्य हिस्सों से पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन की मजबूती और नेतृत्व के प्रति विश्वास का प्रतीक बताया। वही जिलाध्यक्ष बनने के बाद राजाराम उर्फ मनतोष कुमार महतो ने पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सह डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो, संथाल परगना के प्रभारियों तथा पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व ने उन पर विश्वास जताकर एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, जिसके लिए वे हृदय से धन्यवाद देते हैं। राजाराम उर्फ मनतोष कुमार महतो ने कहा कि वे इस दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी, लगन और मेहनत के साथ करेंगे। उनका लक्ष्य जामताड़ा जिले में संगठन को गांव-गांव और जन-जन तक मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि पार्टी की नीतियों, सिद्धांतों और जनहित से जुड़े विचारों को प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य किया जाएगा। साथ ही संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जेएलकेएम के केंद्रीय अध्यक्ष जयराम कुमार महतो के नेतृत्व में पार्टी लगातार जनसरोकार के मुद्दों को मजबूती से उठा रही है। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए जामताड़ा जिले में संगठन के विस्तार और आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।राजाराम उर्फ मनतोष कुमार महतो ने एक बार फिर केंद्रीय अध्यक्ष जयराम कुमार महतो, संथाल परगना प्रभारियों एवं पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो विश्वास और सम्मान मिला है, उस पर वे पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से भी संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।