Ranchi News: झारखंड की राजधानी रांची के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान युवक की मौत के बाद बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। लातेहार निवासी 18 वर्षीय राजू कुमार रंजन सड़क हादसे में पैर टूटने के बाद करीब 40 दिन पहले अस्पताल में भर्ती हुआ था। परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान लापरवाही बरती गई, जिससे संक्रमण फैल गया और आखिरकार उसकी मौत हो गई।

परिजनों का कहना है कि अस्पताल ने इलाज के नाम पर करीब 22 लाख रुपये का बिल थमा दिया। उनका आरोप है कि भर्ती के बाद कई दिनों तक मरीज की ड्रेसिंग नहीं की गई, जिससे उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई। युवक की मौत के बाद अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ और परिजनों ने डॉक्टरों व अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट का संज्ञान लिया और रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री को पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।

वहीं, मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए युवक का पोस्टमार्टम रिम्स में कराया गया है। अब प्रशासन की जांच रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।