ओम प्रकास तिवारी 
मोतिहारी। भारतीय रेल की नवरत्न कंपनी आईआरसीटीसी द्वारा ‘देखो अपना देश’ और ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ अभियान के तहत श्रद्धालुओं के लिए अनोखी सांस्कृतिक एवं धार्मिक यात्रा की शुरुआत की जा रही है। भारत गौरव पर्यटन ट्रेन के माध्यम से श्रद्धालुओं को पांच ज्योतिर्लिंगों के दर्शन के साथ शिरडी के श्री साईं बाबा के दर्शन कराए जाएंगे।

यह धार्मिक यात्रा आगामी एक सितंबर से बेतिया रेलवे स्टेशन से शुरू होगी। आठ रात और नौ दिन की इस यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को उज्जैन के महाकालेश्वर एवं ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग, नासिक के त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग, छत्रपति संभाजीनगर के घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग तथा एलोरा की गुफाओं का भ्रमण कराया जाएगा। इसके साथ ही श्रद्धालु शिरडी में श्री साईं बाबा के दर्शन भी करेंगे।

घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देने तथा देश की सांस्कृतिक एकता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुरू की जा रही इस यात्रा की जानकारी आईआरसीटीसी पर्यटन विभाग के मुख्य पर्यवेक्षक संजीव कुमार ने बापूधाम मोतिहारी रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में दी।

उन्होंने बताया कि धार्मिक यात्रा के लिए श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन में इकॉनमी, स्टैंडर्ड और कम्फर्ट तीन श्रेणियां रखी गई हैं। तीनों श्रेणियों के लिए अलग-अलग किराया निर्धारित किया गया है। यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधा के लिए ट्रेन में स्कॉर्ट, गार्ड और डॉक्टर की व्यवस्था रहेगी।

आईआरसीटीसी के इस धार्मिक पर्यटन पैकेज से श्रद्धालुओं को एक ही यात्रा में देश के प्रमुख ज्योतिर्लिंगों और धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर मिलेगा। इससे धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ देश के विभिन्न क्षेत्रों की सांस्कृतिक विरासत से भी लोगों को रूबरू होने का अवसर प्राप्त होगा।