रफ्तार मीडिया / संवाददाता जामताड़ा :जामताड़ा समाहरणालय सभागार में मंगलवार को उपायुक्त सह प्रधान जनगणना पदाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में जनगणना 2027 के अंतर्गत प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य के प्रगति की समीक्षा हेतु बैठक आहुत किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त आलोक कुमार जिला के सभी 08 चार्जों के अंतर्गत कुल 1737 एचएलबी में गणना कार्य के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने विभिन्न एचएलबी में धीमे प्रदर्शन को लेकर कड़ी नाराजगी जाहिर की एवं कहा कि खराब प्रदर्शन वाले कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि जनगणना से जुड़े कार्यों को गंभीरता से लें, ये टाइमबॉन्ड वाला कार्य है, इसलिए डेडलाइन का बिना इंतजार किए कार्यों को पूर्ण करें। वहीं कई एचएलबी में सिंकिंग एवं अन्य तकनीकी समस्याओं को लेकर उपायुक्त ने डीआईओ को आवश्यक सहयोग करने का निर्देश दिया। उन्होंने जनगणना कार्य को अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील बताते हुए सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य पूरी सावधानी, पारदर्शिता एवं स्पष्टता के साथ संपन्न कराएं। कहा कि प्रत्येक मकान एवं परिवार का सही विवरण दर्ज करना सुनिश्चित करें तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि अथवा लापरवाही न होने पाए। उन्होंने फील्ड में कार्यरत प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को विभिन्न बिंदुओं पर जरूरी दिशा निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि कि जनगणना राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है, इसलिए सभी अधिकारी एवं कर्मी पूर्ण जिम्मेदारी एवं गंभीरता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। साथ ही सभी चार्ज अधिकारियों को निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूर्ण कराने हेतु कई अहम दिशा निर्देश दिया गया। इस मौके पर अपर समाहर्ता सह जिला जनगणना पदाधिकारी जामताड़ा पूनम कच्छप, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, अपर जिला जनगणना पदाधिकारी सुजीत कुमार सिंह, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी संतोष कुमार घोष, सभी चार्ज पदाधिकारी, सहायक चार्ज अधिकारी के अलावा पर्यवेक्षक एवं तकनीकी सहायक आदि मौजूद रहे।