शिकारीपाड़ा/दुमका: शिकारीपाड़ा प्रखंड सभागार में प्रखंड विकास पदाधिकारी सह चार्ज पदाधिकारी मोहम्मद एजाज आलम की अध्यक्षता में जनगणना कार्य की प्रगति को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में प्रखंड के सभी 279 प्रगणकों और 51 पर्यवेक्षकों ने भाग लिया, जहां मुख्य रूप से जनगणना कार्य की वर्तमान स्थिति और आ रही व्यावहारिक समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान ब्लॉक सभागार और विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों ने बताया कि अब तक लगभग 70 प्रतिशत प्रविष्टि का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। समीक्षा के क्रम में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों द्वारा कार्य के दौरान आने वाली तकनीकी व जमीनी समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखा गया, जिसके बाद अधिकारियों द्वारा मौके पर ही समस्याओं का त्वरित समाधान किया गया और 'एचएलओ' ऐप के इस्तेमाल से जुड़ी दिक्कतों को दूर करने के उपाय बताए गए।
प्रखंड विकास पदाधिकारी ने कार्य की महत्ता को देखते हुए सभी प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को कड़े निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि आगामी 5 तारीख तक सभी क्षेत्रों का नजरी नक्शा अनिवार्य रूप से तैयार कर लिया जाए, साथ ही 6 तारीख तक जनगणना से जुड़े सभी शेष कार्यों को हर हाल में शत-प्रतिशत पूर्ण करना सुनिश्चित करें। इस अवसर पर अंचलाधिकारी कपिल देव ठाकुर,सहायक चार्ज पदाधिकारी हाराधन सिंह, तकनीकी सहायक चंदन कुमार साहा, आदि अन्य मुख्य रूप से उपस्थित थे, जिन्होंने प्रगणकों को तकनीकी मार्गदर्शन दिया। बैठक में प्रगणक संदीप सोरेन, ऊषा देवी, जयदेव कुमार गोराई, मिलन कुमार सहित भारी संख्या में अन्य कर्मी और पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।