बिरनी/गिरिडीह | रफ्तार मीडिया
बिरनी प्रखंड के बंगराकला गांव में विकास के दावों की हकीकत एक बार फिर सवालों के घेरे में है। गांव स्थित विद्यालय के समीप सड़क पर लंबे समय से जलजमाव की गंभीर समस्या बनी हुई है। हालात ऐसे हैं कि स्कूली बच्चों को रोजाना लबालब भरे पानी के बीच होकर विद्यालय पहुंचना पड़ रहा है।
वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सड़क पूरी तरह पानी से ढकी हुई है। बारिश के बाद स्थिति और भी बदतर हो जाती है, जिससे बच्चों, अभिभावकों एवं ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क के जिस हिस्से का निर्माण अभी तक नहीं हुआ है, वहां कम से कम पीसीसी ढलाई कर दी जाती तो यह समस्या काफी हद तक दूर हो सकती थी।
ग्रामीणों ने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों तथा स्थानीय नेताओं से इस समस्या पर गंभीरता से ध्यान देने की अपील की है। उनका कहना है कि विकास के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन विद्यालय के पास की यह बदहाल सड़क उन दावों की पोल खोल रही है।
अब देखने वाली बात यह होगी कि इस जलजमाव की समस्या पर संबंधित विभाग, प्रखंड प्रशासन और जनप्रतिनिधि कब तक संज्ञान लेते हैं। आखिर कब तक बच्चे सड़क की जगह बने इस "स्विमिंग पूल" को पार कर शिक्षा ग्रहण करने के लिए मजबूर रहेंगे?