मोतिहारी/पताही।ओम प्रकाश तिवारी
पताही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) से चंद कदम की दूरी पर रहने वाले बैजू मिस्त्री की मौत के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवालों के बीच अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) मंगला कुमारी ने सोमवार को अस्पताल पहुंचकर पूरे मामले की जांच की। उन्होंने अस्पताल की कार्यप्रणाली, इमरजेंसी सेवाओं और चिकित्सकीय व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों से घटना की विस्तृत जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने इमरजेंसी वार्ड, दवाओं की उपलब्धता, ऑक्सीजन व्यवस्था, चिकित्सकों की ड्यूटी, उपस्थिति पंजी तथा अस्पताल की साफ-सफाई का जायजा लिया। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिया कि मरीजों को समय पर बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए और अस्पताल की सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
एसडीएम मंगला कुमारी ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में यदि किसी चिकित्सक अथवा स्वास्थ्यकर्मी की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
वहीं, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शंकर बैठा ने बताया कि अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। उनके अनुसार मृतक पहले से हृदय रोग से पीड़ित थे। बावजूद इसके यदि जांच में किसी स्तर पर लापरवाही प्रमाणित होती है तो विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
मामले की जांच फिलहाल जारी है। अब मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों की निगाहें प्रशासन की जांच रिपोर्ट और उसके आधार पर होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।