सरायकेला: सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश के नेतृत्व में अवैध रूप से संचालित स्क्रैप टालों पर बड़ी कार्रवाई की गई। प्रशासनिक टीम ने एक के बाद एक तीन स्थानों पर दबिश दी, जहां से भारी मात्रा में संदिग्ध स्क्रैप, विभिन्न कंपनियों का मटेरियल तथा कटे हुए वाहनों के पार्ट्स बरामद किए गए।पहली छापेमारी आरआईटी मोड़ के समीप स्थित एक स्क्रैप टाल में की गई। यहां बड़ी मात्रा में स्क्रैप के साथ चार पहिया वाहनों की कटिंग, वाहनों के डाले, नंबर प्लेट और गैस कटर बरामद हुआ। मौके की स्थिति से स्पष्ट था कि वाहनों को काटने का कार्य नियमित रूप से किया जा रहा था।दूसरी कार्रवाई शेरे पंजाब चौक के पास स्थित स्क्रैप टाल में की गई। यहां से भी भारी मात्रा में स्क्रैप, वाहनों के टायर, गैस सिलेंडर सहित अन्य सामग्री पाई गई।तीसरी दबिश थाना परिसर के ठीक पीछे संचालित एक स्क्रैप टाल में दी गई। यहां भी बड़े पैमाने पर स्क्रैप देखकर एसडीएम ने कड़ी नाराजगी जताई।एसडीएम अभिनव प्रकाश ने तीनों स्क्रैप टाल संचालकों से स्क्रैप से संबंधित वैध कागजात और लाइसेंस प्रस्तुत करने को कहा है। साथ ही संबंधित भूमि मालिकों को भी नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया है।
एसडीएम ने स्पष्ट कहा कि बिना वैध लाइसेंस और दस्तावेज के संचालित स्क्रैप टालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बरामद स्क्रैप की जांच की जा रही है कि वह चोरी का है या कंपनियों से अवैध रूप से खरीदा गया है।