राजन साहू /कानपुर, 11 जुलाई: कलेक्टरगंज थाना क्षेत्र के होटल सूर्या में शनिवार को एक युवक और युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान फतेहपुर के दिग्विजय सिंह और उन्नाव की शिवांगी तिवारी के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार होटल कर्मियों ने कमरे से दुर्गंध आने पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर दोनों के शव बरामद किए। प्रथम दृष्टया दोनों ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की है।

सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शवों की शिनाख्त की। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसीपी आनंद ओझा ने बताया कि होटल के रजिस्टर और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट होगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।