मोतिहारी/पटना। ओम शांति प्रोडक्शन प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले निर्माणाधीन हिंदी फीचर फिल्म 'द आउटकास्ट बड' के दूसरे शेड्यूल की शूटिंग 26 जून से 4 जुलाई तक सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। इस फिल्म को बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम लिमिटेड, कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार सरकार की स्वीकृति प्राप्त है।
फिल्म के निर्माता एवं निर्देशक नीतीश राज और सुमित मौर्या हैं, जबकि राजू कुमार एवं मदन कुमार सह-निर्माता हैं। फिल्म में मशहूर अभिनेता संजय पाण्डेय, सुशील सिंह, सतीश राज, रश्मि पाठक, श्रेया श्रीवास्तव, निशांत पल्लव सहित कई कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।
निर्माता-निर्देशक नीतीश राज ने बताया कि फिल्म की कहानी सुमित मौर्या द्वारा लिखी गई है। यह कहानी समाज द्वारा बहिष्कृत और शोषित वर्ग के संघर्ष, पीड़ा तथा सामाजिक भेदभाव को केंद्र में रखती है। फिल्म में एक पिता और पुत्री के भावनात्मक रिश्ते को भी प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया है। कहानी रूढ़िवादी सामाजिक बंधनों को चुनौती देते हुए मानवीय संवेदना, प्रेम और समानता के संदेश को दर्शाती है।
उन्होंने बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम लिमिटेड, कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार सरकार का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा फिल्म निर्माण के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया गया है। इससे क्षेत्रीय रचनात्मक अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिल रहा है और बिहार अब फिल्म निर्माण के लिए एक उभरता हुआ केंद्र बनता जा रहा है।
सुमित मौर्या ने बताया कि फिल्म में एसोसिएट डायरेक्टर के रूप में निखिल श्याम एवं सौरभ सिंह, जबकि असिस्टेंट डायरेक्टर के रूप में साहिल सरोज कार्य कर रहे हैं। कैमरा टीम में निस्मल नौशाद, अपसील अजोश, संपूर्णानंद और दीप भेंसाला शामिल हैं। फोकस पुल्लर बिजेंद्र कुमार यादव, साउंड रिकॉर्डिस्ट रंजीत कुमार, आर्ट विभाग में आरुषि खेरवाल एवं प्रमोद, प्रोडक्शन टीम में जूही सुमन, आनंद शिवाय, रौनक, सिद्धार्थ और राजन ने अपनी जिम्मेदारियां निभाईं। वहीं बीटीएस टीम में राहुल और अभिषेक, हेयर आर्टिस्ट गुंजन, मेकअप आर्टिस्ट राजन तथा कॉस्ट्यूम डिजाइनर विवेक ने भी फिल्म को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
फिल्म के पहले शेड्यूल की शूटिंग 25 मार्च से 9 अप्रैल के बीच पूरी की गई थी। फिल्म की शूटिंग पटना, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण के विभिन्न स्थलों पर की जा रही है।
सुमित मौर्या ने शूटिंग के दौरान मिले सहयोग के लिए पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी (आईपीआरडी) तथा जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया।