विशेष संवाददाता हजारीबाग (सुमन सिन्हा)
हजारीबाग डिजिटल युग में जहां तकनीक ने लोगों के जीवन को आसान बनाया है, वहीं साइबर अपराध भी तेजी से बढ़ रहे हैं। व्हाट्सएप हैकिंग, फर्जी केवाईसी अपडेट, एपीके फाइल फ्रॉड और ऑनलाइन ठगी जैसे मामलों से लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से हिंदुस्तानी फिल्म्स के बैनर तले निर्मित लघु फिल्म ‘You Are HACKED’ जल्द ही रिलीज होने जा रही है।
निर्देशक पंकज हिंदुस्तानी के निर्देशन में बनी यह फिल्म साइबर अपराध की उस खतरनाक दुनिया को दर्शाती है, जहां एक छोटी सी लापरवाही व्यक्ति की निजी जानकारी, बैंक खाते और डिजिटल पहचान को गंभीर नुकसान पहुंचा सकती है। फिल्म में साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जा रहे आधुनिक तरीकों और उनसे बचाव के उपायों को यथार्थपरक ढंग से प्रस्तुत किया गया है।फिल्म का उद्देश्य केवल मनोरंजन करना नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग, विशेषकर युवाओं और इंटरनेट उपयोगकर्ताओं को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना भी है। वास्तविक घटनाओं से प्रेरित इसकी कहानी दर्शकों को यह संदेश देती है कि ऑनलाइन दुनिया में सतर्कता और जागरूकता ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है।
निर्देशक पंकज हिंदुस्तानी ने बताया कि साइबर अपराध अब केवल महानगरों तक सीमित नहीं रह गया है। ग्रामीण और अर्धशहरी क्षेत्रों के लोग भी तेजी से साइबर ठगी का शिकार बन रहे हैं। ऐसे में जन-जागरूकता ही इस चुनौती से निपटने का सबसे प्रभावी माध्यम है। इसी सोच के साथ इस फिल्म का निर्माण किया गया है।गौरतलब है कि पंकज हिंदुस्तानी को सामाजिक सरोकारों और जन-जागरूकता से जुड़े विषयों पर आधारित फिल्मों के लिए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई सम्मान और पुरस्कार प्राप्त हो चुके हैं। उनकी रचनात्मक प्रस्तुतियों को विभिन्न मंचों पर सराहा गया है।
फिल्म से जुड़े लोगों का मानना है कि ‘You Are HACKED’ साइबर सुरक्षा के प्रति समाज में
जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगी। यह लघु फिल्म शीघ्र ही यूट्यूब चैनल ‘Pankaj Hindustani Show’ पर प्रदर्शित की जाएगी।