तिसरी/गिरिडीह | रफ्तार मीडिया: तिसरी थाना क्षेत्र के खटपोक पंचायत अंतर्गत कर्णपुरा-बाघमारी मोड़ के पास से सड़क निर्माण कंपनी के स्टाफ मंजेश कुमार को कथित तौर पर दो अज्ञात बाइक सवार जबरन अपने साथ ले गए। घटना रविवार शाम करीब पांच बजे की बताई जा रही है। घटना के बाद से मंजेश का कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी है।

घटनास्थल पहुंचकर SDPO ने की जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए खोरीमहुआ SDPO अमरेंद्र कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने अपहृत मुंशी की बरामदगी और घटना के खुलासे के लिए SIT (विशेष जांच टीम) का गठन किया है। खटपोक पंचायत भवन में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े हर पहलू की जांच की जा रही है।

वेतन भुगतान को लेकर विवाद का भी जिक्र

मंजेश के भाई गौतम कुमार ने तिसरी थाना में आवेदन देकर घटना की जानकारी दी है। आवेदन के अनुसार, मंजेश मूल रूप से बिहार के लखीसराय जिले के नंदपुर गांव का रहने वाला है और सड़क निर्माण कंपनी में मुंशी के तौर पर काम करता था।

गौतम ने अपने आवेदन में बताया है कि कुछ दिन पहले कंपनी के डेरा के पास वेतन भुगतान को लेकर मंजेश की कंपनी के प्रोपराइटर हरेराम चौधरी और प्रोजेक्ट मैनेजर उपेंद्र चौरसिया के साथ कहासुनी हुई थी। भाई के मुताबिक, विवाद के दौरान मंजेश को कथित तौर पर अपहरण कर हत्या करने की धमकी भी दी गई थी। इसी वजह से उसने अपने भाई के अचानक गायब होने को लेकर गंभीर आशंका जताई है।

घटना के समय दो कर्मचारी भी थे मौजूद

आवेदन में बताया गया है कि जिस समय मंजेश को कथित तौर पर बाइक सवार अपने साथ ले गए, उस वक्त कंपनी के JCB चालक मो. इम्तियाज और ग्रेडर ऑपरेटर शिवकुमार भी वहां मौजूद थे। मंजेश तिसरी के सिदो-कान्हो चौक से खटपोक होते हुए लोकायनयनपुर तक बन रही PWD सड़क के निर्माण कार्य की देखरेख कर रहा था।

पूर्व विधायक ने की जल्द बरामदगी की मांग

घटना की जानकारी मिलने के बाद माले के पूर्व विधायक राजकुमार यादव ने SDPO अमरेंद्र कुमार से बातचीत कर मंजेश कुमार की जल्द बरामदगी की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि मामले का जल्द समाधान नहीं हुआ तो माले आंदोलन करने को मजबूर होगी।

चार थाना क्षेत्रों की पुलिस SIT में शामिल

तिसरी थाना प्रभारी शंभू नंद ईश्वर ने बताया कि पुलिस ने SIT का गठन कर मुंशी की तलाश शुरू कर दी है। टीम में SDPO अमरेंद्र कुमार, इंस्पेक्टर रोहित कुमार के साथ तिसरी, गांवा, देवरी और जमुआ थाना की पुलिस शामिल है।

पुलिस फिलहाल CCTV फुटेज और अन्य उपलब्ध सुरागों के आधार पर मंजेश कुमार की तलाश कर रही है। घटना के पीछे की वास्तविक वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।