अजीत कुमार / दिल्ली
संसद परिसर में गुरुवार को विपक्षी दलों के सांसदों ने राम मंदिर के चढ़ावा (Donation) से जुड़े कथित मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान सांसदों ने “चढ़ावा चोर - गद्दी छोड़” के नारे लगाए और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
विपक्षी सांसदों ने आरोप लगाया कि राम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए चढ़ावे के मामले में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के नेताओं ने कहा कि यह करोड़ों रामभक्तों की आस्था से जुड़ा विषय है और इसकी पारदर्शी जांच होनी चाहिए।
विपक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा (BJP) और आरएसएस (RSS) ने राम मंदिर के चढ़ावे के मामले में श्रद्धालुओं की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया है। इसी के विरोध में सांसदों ने संसद परिसर में अनोखे अंदाज में प्रदर्शन करते हुए सरकार से जवाब मांगा।
वहीं, इस मामले पर भाजपा की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन के दौरान कुछ समय तक राजनीतिक माहौल गर्म रहा और सत्ता पक्ष तथा विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी देखने को मिला।